IndiGo Flight Emergency Landing: इंजन में खराबी के बाद इंडिगो विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, 161 यात्री बचे सुरक्षित

IndiGo Flight Emergency Landing: दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी से इंडिगो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग हुई, पायलट की सूझबूझ से 161 यात्रियों की जान बच गई।

IndiGo Flight Emergency Landing: इंजन में खराबी के बाद इंडिगो विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, 161 यात्री बचे सुरक्षित

राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विमान में तकनीकी खराबी के चलते फुल इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि पायलट की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और सभी 161 यात्री सुरक्षित बचा लिए गए।

आखिर क्या हुआ आसमान में?

जानकारी के अनुसार, IndiGo की फ्लाइट 6E 579 विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रही थी। लैंडिंग से ठीक पहले विमान में इंजन से जुड़ी समस्या सामने आई, जिसके बाद तुरंत इमरजेंसी कॉल जारी की गई। सुबह करीब 10:39 बजे फुल इमरजेंसी लागू कर दी गई, जिससे एयरपोर्ट पर हर एजेंसी अलर्ट मोड में आ गई।

मिनटों में तैयार हुआ रेस्क्यू प्लान

इमरजेंसी की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमों को तुरंत तैनात कर दिया गया। फायर सर्विस विभाग को सुबह 10:53 बजे सूचना मिली और बिना देरी किए फायर टेंडर मौके पर पहुंच गए। रनवे पर पूरी तैयारी के साथ विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

सुरक्षित उतरे सभी यात्री

करीब 10:53 बजे विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की। फ्लाइट में सवार सभी 161 यात्रियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी भी तरह के नुकसान या चोट की खबर नहीं है, जिससे यात्रियों और उनके परिवारों ने राहत की सांस ली।

अब भी अलर्ट पर एजेंसियां

घटना के बाद सभी संबंधित एजेंसियों को सतर्क रखा गया है और तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है, ताकि इंजन में आई खराबी के कारणों का पता लगाया जा सके। समय रहते लिए गए फैसले और टीमवर्क की वजह से एक बड़ा विमान हादसा टल गया, वरना हालात बेहद गंभीर हो सकते थे।