नींद में ही छिन गई जिंदगी, घर पर गिरा बम, दो मासूमों की मौत से दहला मणिपुर
मणिपुर के बिष्णुपुर में उग्रवादी हमले में दो मासूम बच्चों की मौत, मां गंभीर घायल, घटना से इलाके में दहशत और तनाव, सुरक्षा बल तैनात, जांच जारी
Manipur Unrest: मणिपुर के बिष्णुपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां संदिग्ध उग्रवादियों के हमले में दो मासूम बच्चों की जान चली गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई।
सोते हुए परिवार पर हमला
जानकारी के अनुसार, यह घटना मोइरांग ट्रोंग्लाओबी इलाके में देर रात हुई, जब एक घर पर बम फेंका गया। उस समय घर के अंदर मां और उसके दोनों बच्चे सो रहे थे। विस्फोट इतना तेज था कि पांच साल के बच्चे और छह महीने की शिशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
लोगों का उग्र प्रदर्शन
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया। इस दौरान पेट्रोल पंप के पास खड़े दो तेल टैंकरों और एक ट्रक को आग के हवाले कर दिया गया। इसके अलावा, प्रदर्शनकारियों ने मोइरांग थाने के बाहर टायर जलाए और एक अस्थायी पुलिस चौकी को भी नुकसान पहुंचाया। हालात को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं।
पहले भी रहा है हिंसा का केंद्र
मोइरांग ट्रोंग्लाओबी क्षेत्र पहाड़ी इलाकों के करीब स्थित है, जहां पिछले वर्षों में जातीय तनाव के चलते कई बार गोलीबारी और हिंसा की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया, जिसमें एक और विस्फोटक उपकरण बरामद किया गया है।
नेताओं ने की कड़ी निंदा
स्थानीय विधायक टी. शांति सिंह ने इस हमले की तीखी आलोचना करते हुए इसे अमानवीय और निंदनीय करार दिया। उन्होंने कहा कि मासूमों पर हमला किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। वहीं, राज्य के मुख्यमंत्री ने भी हालात पर नजर बनाए रखने और क्षेत्र में शांति बहाल करने का भरोसा दिलाया है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
फिलहाल पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और सुरक्षाबल लगातार निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
Shagun Chaurasia