Noida International Airport: नोएडा एयरपोर्ट का काउंटडाउन शुरू! कब उड़ेंगी पहली फ्लाइट, किन शहरों को मिलेगा फायदा? जानिए हर बड़ा अपडेट

Noida International Airport: उत्तर प्रदेश में जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन आज Narendra Modi करेंगे, राज्य सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाला बनेगा।

Noida International Airport: नोएडा एयरपोर्ट का काउंटडाउन शुरू! कब उड़ेंगी पहली फ्लाइट, किन शहरों को मिलेगा फायदा? जानिए हर बड़ा अपडेट

Noida International Airport: उत्तर प्रदेश के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित हो रहा है। दिल्ली से सटे जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला चरण आखिरकार शुरू होने जा रहा है। प्रधानमंत्री Narendra Modi आज दोपहर करीब 12 बजे इसका उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही यूपी देश का पहला ऐसा राज्य बन जाएगा, जहां सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे मौजूद होंगे।

कब शुरू होगी फ्लाइट सेवा?

उद्घाटन के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि उड़ानें कब शुरू होंगी। अभी तक आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है, लेकिन संकेत मिल रहे हैं कि अप्रैल के अंत या मई की शुरुआत से फ्लाइट ऑपरेशन शुरू हो सकता है। जानकारी के मुताबिक, 11 मार्च को एयरपोर्ट को एयरोड्रम लाइसेंस मिल चुका है। आमतौर पर लाइसेंस मिलने के बाद करीब 45 दिनों में कमर्शियल उड़ानें शुरू हो जाती हैं। फिलहाल समर शेड्यूल में इसे शामिल नहीं किया गया है, लेकिन इसमें जल्द बदलाव संभव है।

कौन-कौन सी एयरलाइन्स भरेंगी उड़ान?

शुरुआती चरण में तीन बड़ी एयरलाइंस यहां से अपनी सेवाएं शुरू करेंगी-

इंडिगो
आकासा एयर
एयर इंडिया एक्सप्रेस

बताया जा रहा है कि शुरुआत में 50–60 शहरों के लिए उड़ानें उपलब्ध होंगी। खासतौर पर इंडिगो 20–25 शहरों को कनेक्ट कर सकती है। पहले 6 महीनों तक केवल घरेलू उड़ानें संचालित होंगी, इसके बाद अंतरराष्ट्रीय सेवाएं शुरू होने की योजना है।

किन शहरों को मिलेगा सीधा फायदा?

नोएडा एयरपोर्ट से शुरुआत में देश के कई बड़े शहरों के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलने वाली है, जिनमें शामिल हैं, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, पुणे, लखनऊ, अहमदाबाद, चेन्नई, गोवा, जयपुर, वाराणसी, भोपाल और जम्मू। इससे एनसीआर और पश्चिमी यूपी के लाखों यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी।

कितनी होंगी उड़ानें और क्षमता?

शुरुआत में रोजाना करीब 150 फ्लाइट्स संचालित होंगी
सालाना 50-60 लाख यात्रियों के सफर का अनुमान
एयरपोर्ट की कुल क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों प्रति वर्ष

जैसे-जैसे यात्रियों की संख्या बढ़ेगी, फ्लाइट्स भी बढ़ाई जाएंगी।

टिकट बुकिंग कब से शुरू होगी?

टिकट बुकिंग को लेकर अभी इंतजार जारी है। जैसे ही एयरलाइंस अपनी फ्लाइट शेड्यूल जारी करेंगी, उसी के साथ टिकट बुकिंग भी शुरू हो जाएगी। माना जा रहा है कि यह प्रक्रिया जल्द ही शुरू हो सकती है।

क्यों खास है ये एयरपोर्ट?

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट न सिर्फ यूपी बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है। इससे यात्रा आसान होगी, आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और क्षेत्र में निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।

कुल मिलाकर, अब बस इंतजार है उस दिन का जब जेवर से पहली फ्लाइट आसमान में उड़ान भरेगी और NCR को एक नया एविएशन हब मिल जाएगा।